सरायकेला/ Bipin Varshney जिले के बीरबांस ग्राम स्थित ब्रिक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का गेट गुरुवार को विस्थापित ग्रामीणों ने अनिश्चितकाल के लिए जाम कर दिया. यह जाम जेएलकेएम केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो के नेतृत्व में किया गया.

विस्थापितों की मांग है कि कंपनी प्रबंधन उन्हें स्थाई नियोजन दे. ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी 15 विस्थापित परिवारों की जमीन पर बनी है. लेकिन अब तक एक भी परिवार के सदस्य को स्थाई नौकरी नहीं दी गई है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक दशरथ गागराई के साथ बैठक में कंपनी प्रबंधन ने नियोजन का आश्वासन दिया था. लेकिन अब तक उसपर अमल नहीं हुआ. मजबूरन उन्हें कंपनी गेट जाम करने का कदम उठाना पड़ा. विस्थापितों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा. पत्रकारों द्वारा कंपनी प्रबंधन से पक्ष जानने की कोशिश की गई. लेकिन प्रबंधन के लोग कैमरा देखकर भाग गए.

