सरायकेला/ Pramod Singh समाजसेवी सह अधिवक्ता जॉनी हाजरा ने रविवार को झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ से उनके चाईबासा आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान जॉनी हाजरा ने परिवहन मंत्री को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं.

मुलाकात के क्रम में उन्होंने सरायकेला- जमशेदपुर मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी मंत्री को दी. जॉनी हाजरा ने कहा कि सरायकेला- टाटा मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं.
उन्होंने बताया कि खराब सड़क की वजह से कई लोगों की जान भी जा चुकी है और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
समाजसेवी ने मंत्री से सरायकेला- टाटा मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग रखी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जॉनी हाजरा को आश्वस्त किया कि सरायकेला- टाटा मार्ग की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा. मंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में राहत की उम्मीद जगी है.

