रांची: रविवार की दोपहर तमाड़ थाना क्षेत्र के दिऊड़ी मंदिर के पास रांची- टाटा नेशनल हाइवे- 33 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जमशेदपुर से रांची की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने सड़क पर खड़े अलकतरा लदे टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर ब्रेकडाउन होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान पीछे से आ रही कंटेनर ट्रक नियंत्रण खो बैठी और सीधे टैंकर में जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया.
घटना की सूचना मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया. गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत तमाड़ अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
मृत चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार निवासी तपन दास के रूप में हुई है. हादसे के बाद रांची-जमशेदपुर एनएच-33 पर लगभग एक घंटे तक यातायात ठप रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर जाम को समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया.
इस घटना से क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर खराब वाहनों की उचित व्यवस्था न होने को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है.

