राजनगर/ Rasbihari Mandal झारखंड एकेडमिक काउंसिल की मैट्रिक परीक्षा 2026 में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, राजनगर की छात्रा राखी सरदार ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है.

राखी सरदार ने कुल 500 अंकों में से 450 अंक हासिल कर प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की. विषयवार प्रदर्शन भी उत्कृष्ट रहा. उन्होंने हिंदी में 94, गणित में 97, अंग्रेजी में 83, सामाजिक विज्ञान में 89 और विज्ञान में 81 अंक प्राप्त किए. सभी विषयों में उच्च ग्रेड हासिल कर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया.
राखी एक साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता शंभू सरदार और माता संगीता सरदार ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद राखी ने कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है.
राखी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सकारात्मक वातावरण को दिया है. उन्होंने बताया कि उनका सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना है.
विद्यालय की वार्डेन सरिता महतो और शिक्षिकाओं ने भी राखी की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने विश्वास जताया कि राखी भविष्य में और भी बड़ी सफलता हासिल करेंगी.
राखी सरदार की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे राजनगर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है.

