राजनगर/ Rasbihari Mandal झारखंड एकेडमिक काउंसिल की मैट्रिक परीक्षा 2026 में राजनगर प्रखंड के छात्र रोहित महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रखंड टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है. साथ ही उन्होंने पूरे जिले में चौथा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

रोहित महतो एस एस हाई स्कूल राजनगर के छात्र हैं और एक साधारण किसान परिवार से आते हैं. उनके पिता मलिन कुमार महतो किसान हैं, जबकि माता मीना देवी गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद रोहित ने मेहनत और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की.
अंकों की बात करें तो रोहित ने हिंदी में 97, अंग्रेजी में 95, गणित में 99, विज्ञान में 100 और सामाजिक विज्ञान में 94 अंक प्राप्त किए हैं. कुल 500 में से 485 अंक लाकर उन्होंने प्रथम श्रेणी में सफलता पाई है.
रोहित ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया है. विद्यालय के शिक्षकों ने भी उनकी मेहनत और अनुशासन की सराहना की है.
उनकी सफलता से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रोहित ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियों में भी मेहनत और दृढ़ संकल्प से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है.
रोहित महतो की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे राजनगर प्रखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है.

