सरायकेला: जिला प्रशासन ने गृहरक्षक नवनामांकन प्रक्रिया को लेकर चल रही भ्रामक खबरों पर स्थिति स्पष्ट की है. प्रशासन ने बताया कि चयन प्रक्रिया अभी पूर्ण नहीं हुई है और अंतिम रूप से किसी का चयन नहीं किया गया है.

प्रशासन के अनुसार, अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता, हिंदी लेखन क्षमता और तकनीकी परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अस्थायी मेधा सूची प्रकाशित की गई है. इस सूची में शामिल अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण और मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन 29 अप्रैल 2026 से 6 मई 2026 तक किया जाएगा.
जांच के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी के दस्तावेज फर्जी या गलत पाए जाते हैं, तो उसकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी. साथ ही गंभीर जालसाजी के मामलों में कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम चयन से पहले सभी अभ्यर्थियों का पुलिस सत्यापन किया जाएगा, जिसमें उनके निवास, चरित्र और पूर्ववृत्त की जांच शामिल होगी.
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों और आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी.

