पटना/ Arzoo Bakhsh राजधानी पटना में रविवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी विजय साहनी पुलिस की गोली से घायल हो गया. घटना पटना सिटी के आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिस्कोमान गोलंबर के पास हुई. पुलिस ने बताया कि आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई के दौरान अपराधी विजय साहनी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए एनएमसीएच अस्पताल भेजा गया.

सूत्रों के अनुसार विजय साहनी पर हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में डेढ़ दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं. बताया जा रहा है कि गोपाल खेमका मर्डर केस में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.
घटना की जानकारी मिलते ही पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, सिटी एसपी परिचय कुमार और डीएसपी राजकिशोर सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की. एसएसपी ने पुष्टि की कि विजय साहनी लंबे समय से वांछित था और उस पर कई संगीन आरोप दर्ज हैं. पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है.

