जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में थाना प्रभारियों के स्तर पर हुए बदलाव के बाद राजेंद्र मुंडा को परसुडीह थाना की कमान सौंपी गई है. वर्ष 2012 बैच के पुलिस अधिकारी राजेंद्र मुंडा इससे पहले घाटशिला थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. अब उन्हें जमशेदपुर के परसुडीह थाना की जिम्मेदारी दी गई है.


नए थाना प्रभारी के रूप में पदभार संभालने के बाद शनिवार सुबह से ही उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया. परसुडीह थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर रितेश कुमार, बिरेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने राजेंद्र मुंडा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी.
अपराध नियंत्रण के साथ नशे पर कार्रवाई होगी अहम
परसुडीह थाना क्षेत्र में शहरी और ग्रामीण दोनों इलाके आते हैं. ऐसे में नए थाना प्रभारी के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण प्रमुख जिम्मेदारी होगी. चोरी-छिनतई की घटनाओं पर अंकुश, नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई, नियमित पुलिस गश्त और लंबित मामलों के अनुसंधान में तेजी जैसे मुद्दों पर भी नजर रहेगी.
इसके अलावा आम लोगों और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना भी स्थानीय पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा. क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और पुलिस की नियमित मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी.
घाटशिला में थाना प्रभारी के रूप में काम करने के बाद अब राजेंद्र मुंडा को परसुडीह जैसे बड़े क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है. उनके पदभार संभालने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर लोगों की निगाहें उनके आगामी कदमों पर हैं.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

