राजनगर: शहीद निर्मल महतो के पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को राजनगर प्रखंड के कुनाबेड़ा चौक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान भाजपा और जेएलकेएम के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया.



भाजपा की ओर से सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में राजनगर प्रखंड कमेटी ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित की. कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्वी भाग के प्रखंड अध्यक्ष उज्ज्वल मोदक ने की. कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा कार्यकर्ताओं की पैदल यात्रा से हुई. हाथों में पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ता जय झारखंड और शहीद निर्मल महतो अमर रहें के नारे लगाते हुए कुनाबेड़ा चौक पहुंचे. इसके बाद शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए.
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान ने कहा कि शहीद निर्मल महतो झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं. उन्होंने झारखंड के लोगों के अधिकार और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता. उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के बताए मार्ग पर चलकर विकसित, सशक्त और समृद्ध झारखंड का निर्माण करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
इधर, जेएलकेएम नेता प्रेम मार्डी के नेतृत्व में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कुनाबेड़ा चौक पहुंचे. उन्होंने शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. प्रेम मार्डी ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने जिस झारखंड का सपना देखा था, उसे पूरा करने के लिए उनके विचारों और आदर्शों पर चलना होगा. उन्होंने कहा कि जल, जंगल, जमीन और झारखंड के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाना ही शहीद निर्मल महतो के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान भाजपा और जेएलकेएम के कार्यकर्ताओं ने शहीद निर्मल महतो के सपनों को साकार करने तथा झारखंड के विकास और जनहित के लिए लगातार कार्य करने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





