
कोडरमा: जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र स्थित चंदवारा बाजार में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते- होते टल गया. जहां टोटो चालक की कथित लापरवाही के कारण एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हवा में उछल गई. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो चालक सवारी बैठाने के बाद बिना आगे- पीछे का ट्रैफिक देखे अचानक 4-लेन हाईवे की ओर मुड़ गया. उसी समय तेज रफ्तार से आ रही कार के चालक ने टोटो को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराई.

हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कार में सवार चारों लोग सुरक्षित बच गए. वहीं घटना के बाद टोटो चालक मौके से फरार हो गया.
घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त सड़कों और हाईवे पर लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
Edited By Sarita Mahato


