मधुपुर/ Md Aslam अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) मधुपुर नगर इकाई द्वारा गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में आगामी राष्ट्रीय पर्वों और छात्र हित से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान 12 जनवरी स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस), 23 जनवरी नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती और 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को धूमधाम से मनाने की रूपरेखा तय की गई.

बैठक में विशेष रूप से 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर निकाली जाने वाली शोभायात्रा को भव्य और प्रभावशाली बनाने को लेकर विचार- विमर्श किया गया. कार्यक्रम को जन- जन तक पहुंचाने और युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
इस अवसर पर अभाविप झारखंड प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुदामा यादव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों और विचारों पर चलकर ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन बना है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाएगी, ताकि युवा उनके राष्ट्रवादी विचारों से प्रेरणा ले सकें.
उन्होंने यह भी कहा कि देवघर जिले की प्रत्येक इकाई में स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा. सुदामा यादव ने सभी छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
बैठक के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया. बैठक में दीपक तिवारी, शुभम राजपूत, सौरव कुमार, अमित तिवारी, नितेश शर्मा, राहुल कुमार, सुमित कुमार, सोनू कुमार, नीतीश यादव, कुश कुमार सहित अन्य छात्र कार्यकर्ता मौजूद थे.

