पटना: बिहार के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लीफ आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने नवरात्रि पर्व पर मां दुर्गा की दिव्य कलाकृति उकेरकर स्वदेशी का संदेश दिया है. मधुरेंद्र ने पीपल के 3 सेंटीमीटर के हरे पत्ते पर शेर पर सवार मां दुर्गा की बेहद सूक्ष्म तस्वीर बनाई है. इस कलाकृति में “हैप्पी दुर्गा पूजा” और “जीएसटी बचत उत्सव” का संदेश भी अंकित है. मधुरेंद्र ने इस कलाकृति को बनाने में पांच घंटे का समय लिया. उन्होंने कहा कि यह कलाकृति भारतवासियों को स्वदेशी सामान अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बनाई गई है.

मधुरेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्ता कला के जरिए विश्व शांति के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना कर रहे हैं. वे पहले भी करीब 5 हजार से अधिक बारीक और सूक्ष्म पत्तों पर कलाकृतियां बना चुके हैं. मधुरेंद्र को भारत गौरव सम्मान मिल चुका है और उन्होंने एक दर्जन से अधिक अंतरराष्ट्रीय रेत मूर्तिकला चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया है. वह सैंड आर्ट और लीफ आर्ट के माध्यम से एचआईवी/एड्स, कोविड-19, ग्लोबल वार्मिंग, आतंकवाद, प्लास्टिक प्रदूषण और पर्यावरण से संबंधित मुद्दों पर लगातार जागरूकता फैलाते रहे हैं.

मधुरेंद्र पहले भी कई महत्वपूर्ण अवसरों पर अपनी कला प्रस्तुत कर चुके हैं. हाल ही में 17 सितंबर को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पत्ते पर तस्वीर बनाकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी थी. इसके अलावा उन्होंने नेपाल की अंतरिम प्रथम महिला प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की तस्वीर पत्ते पर बनाकर शांति और सद्भाव का संदेश दिया था.

