लातेहार: जिले के बरियातू प्रखंड स्थित बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में सोमवार की सुबह अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि हॉस्टल के हॉल नंबर 5 में रखे सारे बेड और अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गए. हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में विद्यालय की लगभग 200 छात्राएं बाल- बाल बच गईं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार की सुबह सभी छात्राएं पीटी के लिए हॉस्टल से बाहर मैदान में गई थीं. इसी दौरान हॉस्टल से धुआं उठता दिखाई दिया और देखते ही देखते हॉल नंबर 5 आग की लपटों में घिर गया. कमरे में रखे सारे बेड और सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि सब कुछ राख हो गया. जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना जताई गई है, हालांकि अन्य पहलुओं पर भी जांच कराई जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी भी छात्रा को कोई नुकसान नहीं हुआ है.

