कोडरमा: थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया. जहां हिंसक झड़प में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई, जबकि उनकी बेटी सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.


घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. सूचना मिलते ही विधायक डॉ. नीरा यादव घटनास्थल और अस्पताल पहुंचीं तथा पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान वह भावुक नजर आईं. उन्होंने कहा कि राजकुमार यादव केवल उनके चालक नहीं थे, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह थे.
विधायक ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यदि पूर्व में दी गई शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी. उन्होंने कहा कि दिन में ही विवाद की सूचना मिलने के बाद उन्होंने कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को फोन कर मामले की जानकारी दी थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई.
परिजनों के अनुसार विवाद के दौरान मृतक की मां के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें जमीन में गाड़ने का प्रयास किया गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया. आरोप है कि देर रात राजकुमार यादव पर पीछे से हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद विधायक डॉ. नीरा यादव ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
हालांकि घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. क्षेत्र के लोग मामले में त्वरित कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



