खूंटी: उज्जैन में खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को सड़क चौड़ीकरण के लिए स्थानांतरित किए जाने की चर्चा के विरोध में बुधवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने उज्जैन में प्रदर्शन किया. संगठन की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रदर्शन का नेतृत्व बजरंग दल के इंदौर एवं उज्जैन विभाग द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया.


प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने खड़े हनुमान जी की प्रतिमा को वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखने की मांग उठाई. इस संबंध में जिला प्रशासन के समक्ष अपनी बात रखते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया. संगठन ने मांग की कि सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्य के लिए ऐसा वैकल्पिक समाधान निकाला जाए, जिससे प्रतिमा को स्थानांतरित करने की आवश्यकता न पड़े.
*खूंटी से भी पहुंची बजरंग दल की टीम*
प्रदर्शन में झारखंड के खूँटी जिले से बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो के नेतृत्व में एक टीम ने भी भाग लिया. टीम में राजेश सिंह, निशांत साहू, संदीप कुमार और अभिषेक कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे.
कर्मवीर महतो ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से जुड़े स्थलों के संबंध में निर्णय लेते समय श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए. उन्होंने प्रतिमा को यथास्थान रखते हुए सड़क चौड़ीकरण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने की मांग की. बजरंग दल ने प्रशासन से आग्रह किया कि पूरे मामले पर श्रद्धालुओं और संबंधित पक्षों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया जाए.

