सरायकेला: खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में करीब 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पांच कमरों के अतिरिक्त क्लासरूम भवन का शिलान्यास किया. इसके साथ ही बेहरासाही में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नाली निर्माण योजना की भी आधारशिला रखी.


शिलान्यास के बाद विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के साथ बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं. अतिरिक्त क्लासरूम बनने से विद्यालय के विद्यार्थियों को पठन-पाठन में सुविधा मिलेगी. उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष विद्यालय में चारदीवारी का भी निर्माण कराया गया था. आने वाले समय में आवश्यकता के अनुरूप अन्य संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे.

विद्यालय की प्राचार्या मंजु कुमारी हेंब्रम की मांग पर विधायक ने शिक्षकों के लिए अलग शौचालय और पर्याप्त पेयजल के लिए डीप बोरिंग की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की अपील भी की.
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि अर्जुन गोप, सांसद प्रतिनिधि कोंदो कुंभकार, जिप सदस्य काली चरण बानरा, मुखिया सुनिता तापे, प्राचार्या मंजु कुमारी हेंब्रम, अनूप सिंहदेव, रमेश महतो, राजेश दलबेहरा, खिरोद प्रमाणिक, भवेश मिश्रा, अजय सामड़ सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. इससे पूर्व विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया.

