सरायकेला: नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने गुरुवार को पोस्ट ऑफिस रोड स्थित मछली और मुर्गा की अव्यवस्थित दुकानों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों से स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने में सहयोग करने की अपील की.

अध्यक्ष ने कहा कि बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें दुकानदारों की अहम भूमिका है. इस दौरान दुकानदारों ने नगर पंचायत की ओर से बुनियादी सुविधाओं के अभाव की शिकायत की. इस पर मनोज कुमार चौधरी ने उन्हें आश्वासन दिया कि आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. दुकानदारों की मांग पर अध्यक्ष ने 10 अप्रैल को अपने कार्यालय में एक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया, जिसमें दुकानदारों की समस्याओं और मछली मार्केट को व्यवस्थित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी.
अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर सरायकेला बनाने के लिए सभी का सहयोग जरूरी है और दुकानदारों को अपनी दुकानों के आसपास साफ- सफाई बनाए रखनी चाहिए. निरीक्षण के दौरान सिटी मैनेजर सुमित सुमन, सफाई सुपरवाइजर पवन सिंह और विशाल सिंहदेव भी मौजूद रहे. वहीं दुकानदारों ने अध्यक्ष की पहल की सराहना करते हुए सहयोग का भरोसा दिया.

