चांडिल/ Afroj Mallick

कपाली नगर परिषद क्षेत्र में पिछले चार दिनों से सप्लाई जलापूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, मुख्य मोटर पंप के खराब हो जाने के कारण जलापूर्ति बाधित है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या बार- बार होती है. हर बार मोटर पंप खराब होने की बात कह दी जाती है, लेकिन कोई स्थायी या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती. पानी के अभाव में लोग मजबूर होकर हैंडपंप, टैंकर या आसपास के इलाकों से पानी लाने को विवश हैं.
गर्मी और धूप के इस मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. क्षेत्रवासियों ने कहा कि एक ओर सरकार “जल है तो कल है” का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर कपाली के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं.
लोगों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से मांग की है कि जल्द से जल्द मोटर पंप की मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति बहाल की जाए, ताकि इस भीषण संकट से राहत मिल सके.

