
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने डकैती समेत कई संगीन मामलों में फरार चल रहे आरोपी सारिक साह उर्फ घेघा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पेट्रोल पंप डकैती सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. गुप्त सूचना मिली थी कि वह अपने क्षेत्र में मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से विभिन्न मामलों में पूछताछ की. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. किसी भी फरार अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह सहित शस्त्रबल के जवान शामिल रहे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक






