
जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के बंगाल क्लब रोड स्थित अभिषेक जुबली चाय दुकान के पास 19 जून की रात हुई फायरिंग मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल, मैगजीन और एक 7.65 एमएम का खोखा भी बरामद किया है.


सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में साकची थाना कांड संख्या 49/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 308(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 जून को 28 वर्षीय आरोपी विपिन शुक्ला को हाथीघोड़ा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया. आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था और उत्तर प्रदेश के भदोही स्थित अपने पैतृक गांव भागने की तैयारी में मानगो बस स्टैंड जा रहा था.
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने बंगाल क्लब रोड के दुकानदारों को डराने- धमकाने और रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से फायरिंग की थी. घटना के बाद उसने हथियार को स्वर्णरेखा नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया.
गिरफ्तार आरोपी गोलमुरी थाना क्षेत्र के दुईलाडुंगरी का रहने वाला है. पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देशी पिस्टल, एक मैगजीन और 7.65 एमएम का एक खोखा बरामद किया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पुलिस मामले में आगे की जांच भी जारी रखे हुए है.
Edited By Sarita






