चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत तमोलिया बारी कॉलोनी निवासी संजय कुमार महतो शनिवार सुबह करीब 11 बजे पत्नी से विवाद के बाद बिना किसी को बताए घर से निकल गए. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है. परिजनों के अनुसार संजय कुमार महतो अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गए हैं, जिसके कारण उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है.


बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 11 बजे किसी बात को लेकर संजय कुमार महतो का पत्नी के साथ विवाद हुआ था. विवाद के बाद वह घर से बाहर निकल गए. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की.
परिजनों ने आसपास के इलाकों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी संजय कुमार महतो के बारे में जानकारी ली, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है. मोबाइल फोन साथ नहीं होने के कारण उनकी लोकेशन का भी पता नहीं चल पा रहा है. इससे परिवार के लोग काफी चिंतित हैं.
परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संजय कुमार महतो कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल उनके परिजनों अथवा कपाली ओपी पुलिस को सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल घर वापस लाया जा सके.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

