जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा स्थित नेपाली बस्ती में शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद बस्ती में कुछ देर के लिए अफरा- तफरी और तनाव की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.


घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया. इनमें शंकोसाई रोड नंबर-1 निवासी राहुल कर, उसका साथी धीरज कुमार और दूसरे पक्ष का मुन्ना थापा शामिल हैं. राहुल कर और धीरज कुमार की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. मारपीट में भोतू, छोटू रजक और विशेश्वर के भी घायल होने की सूचना है.
शुक्रवार के विसर्जन जुलूस से जुड़ा बताया जा रहा विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद की शुरुआत शुक्रवार को नेपाली बस्ती से निकले विसर्जन जुलूस के दौरान हुई थी. जुलूस में नाचने को लेकर बस्ती के सुशील नामक युवक और कुछ लोगों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हुई थी. उस समय स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया था.
आरोप है कि शनिवार शाम सुशील आठ-दस युवकों के साथ दोबारा बस्ती पहुंचा. इसी दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद फिर भड़क गया. कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया. हालांकि घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्षों के बयान और पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस कर रही दोनों पक्षों से पूछताछ
घटना के बाद एमजीएम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया. पुलिस विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान को लेकर जांच कर रही है. संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है. पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

