चाईबासा: सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की लंबित सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया.


सांसद ने एनएच-320डी के अंतर्गत चक्रधरपुर से राउरकेला तक लगभग 106 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि संकरी सड़क और तीखे मोड़ों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि सोनुआ. गोईलकेरा. पोसैता और मनोहरपुर में लगातार जाम की समस्या बनी रहती है.
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इन क्षेत्रों में फ्लाईओवर अथवा बाईपास निर्माण की स्वीकृति देने का भी आग्रह किया. सांसद ने कहा कि परियोजना पूरी होने से टाटानगर और राउरकेला के बीच संपर्क बेहतर होगा तथा बीजू एक्सप्रेस-वे से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने पर जनजातीय क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.
इसके अलावा सांसद ने सिंहपोखरिया- झींकपानी. झींकपानी- तालाबुरू तथा तालाबुरू- केंदपोसी रेलवे समपार फाटकों पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण को भी जल्द स्वीकृति देने की मांग की.
गौरतलब है कि सांसद जोबा माझी इससे पहले भी इन मांगों को लेकर केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चुकी हैं. एक बार फिर इन मुद्दों को उठाए जाने से क्षेत्रवासियों में लंबित परियोजनाओं के जल्द आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

