रांची: झारखंड से राज्यसभा चुनाव को लेकर चल रही राजनीतिक हलचल के बीच एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र को आखिरकार मंजूरी मिल गई है. दो दिनों तक चली जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने उनके नामांकन को वैध घोषित कर दिया है.


जानकारी के अनुसार नामांकन दाखिल किए जाने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने कुछ बिंदुओं पर स्पष्टीकरण और दस्तावेजों की जांच के लिए नामांकन को होल्ड पर रखा था. इस दौरान राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं भी चलती रहीं और मामले पर सभी की नजर बनी हुई थी.
पिछले दो दिनों से नामांकन पत्र की गहन समीक्षा की जा रही थी. संबंधित दस्तावेजों और कानूनी पहलुओं की जांच पूरी होने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों ने नामांकन को स्वीकृति प्रदान कर दी. इसके साथ ही परिमल नाथवानी के राज्यसभा चुनाव लड़ने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.
नामांकन को हरी झंडी मिलने के बाद एनडीए खेमे में उत्साह और संतोष का माहौल देखा जा रहा है. वहीं राजनीतिक दलों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक बैठकों का दौर शुरू हो गया है.
अब सभी की नजर आगामी चुनावी प्रक्रिया, नाम वापसी की अवधि और मतदान पर टिकी हुई है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्यसभा चुनाव को लेकर समीकरण और अधिक स्पष्ट होंगे.
Edited By Sarita Mahato

