रांची: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट के बाद झारखंड पुलिस सतर्क हो गई है. राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है.

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता माइकल राज ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य के सभी जिलों में पुलिस को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है. संवेदनशील स्थानों, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है.
राज्य पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देश में कहा गया है कि दिल्ली की घटना को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर निगरानी बढ़ाएं. सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपने- अपने क्षेत्रों में गश्त तेज करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग बढ़ाने का आदेश दिया गया है.
माइकल राज ने कहा कि पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना से बचने की अपील की है.

