पलामू: जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है. रामगढ़ प्रखंड के बेड़मा बभंडी गांव में शुक्रवार रात एक युवक ने अपनी सौतेली मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.

इस हमले में 45 वर्षीय तेजू बीबी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 12 वर्षीय मासूम मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तत्परता दिखाते हुए आरोपी नौशाद को गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि, हत्या में प्रयुक्त हथियार अब तक बरामद नहीं हो सका है. पुलिस ने इसकी बरामदगी के लिए छानबीन तेज कर दी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका के पति जसीमुद्दीन मियां ने दो विवाह किए थे. हाल ही में दूसरी पत्नी दिल्ली से गांव आकर घर में रहने लगी थी. इसी को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव बना हुआ था, जो गुरुवार को हिंसक टकराव में बदल गया. घटना के बाद आरोपी नौशाद मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस की निगरानी लगातार जारी है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया जाएगा. इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर घरेलू कलह और द्वेष की भयावह परिणति को उजागर कर दिया है.

