जमशेदपुर/ Afroz Mallik पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते दो प्रमुख नदियों खरकई और स्वर्णरेखा – का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है. प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, खरकई नदी का जलस्तर 3.5 मीटर तथा स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 0.20 मीटर खतरे के स्तर से ऊपर दर्ज किया गया है.

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी संबंधित नगरीय निकायों और प्रखंड प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है. उपायुक्त ने कहा है कि सभी क्षेत्रीय पदाधिकारी अपने- अपने क्षेत्रों में जलजमाव की आशंका वाले इलाकों की निगरानी करें और राहत- बचाव कार्य के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखें.
प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किए जाने की योजना बनाई गई है. साथ ही, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे नदियों के किनारे न जाएं और ऊंचे, सुरक्षित स्थानों पर रहें. किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन से संपर्क करें. स्थिति को देखते हुए आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

