चतरा: झारखंड के चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस मुठभेड़ में 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली सहदेव महतो समेत चार कुख्यात नक्सली मारे गए हैं.

जानकारी के अनुसार, चतरा- हजारीबाग सीमा पर प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के नक्सलियों के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके आधार पर झारखंड पुलिस और कोबरा बटालियन के जवानों द्वारा संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया. इसी दौरान पिपरवार और केरेडारी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में नक्सलियों से आमना- सामना हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई.
मुठभेड़ में माओवादी सबजोनल कमांडर सहदेव महतो समेत कुल चार नक्सली मारे गए. सभी नक्सली लंबे समय से वांछित बताए जा रहे थे और कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे थे.
सुरक्षाबलों ने मौके से AK-47 राइफल समेत कई हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं. मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान तेज कर दिया गया है, ताकि अन्य नक्सलियों की तलाश की जा सके. पुलिस ने इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता बताया है. अधिकारियों का कहना है कि इससे क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी.

