पलामू: झारखंड सरकार और पुलिस ने नक्सलवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर एक और बड़ा कदम उठाया है. पलामू रेंज के डीआईजी नौशाद आलम ने घोषणा की है कि चार कुख्यात नक्सलियों पर इनाम घोषित किया गया है. इन उग्रवादियों को मोस्ट वांटेड की सूची में डालते हुए पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा.

डीआईजी ने जानकारी दी कि पांकी थाना क्षेत्र निवासी जेजेएमपी (JJMP) उग्रवादी अवधेश यादव उर्फ अखिलेश पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है. इसके अलावा लातेहार जिले के तीन कुख्यात नक्सलियों पर भी 5-5 लाख रुपये का इनाम रखा गया है. इनमें शामिल हैं—
बलदेव गंझू उर्फ अमरेश गंझू उर्फ अमरेश जी उर्फ भगत जी, निवासी बरियातू थाना क्षेत्र, लातेहार.
रामदेव लोहार उर्फ साधु उर्फ काका, जिला लातेहार.
मुकेश राम उर्फ कल्लू राम उर्फ आजाद जी, ग्राम पूर्णिया, थाना मनिका, जिला लातेहार.
डीआईजी नौशाद आलम ने चेतावनी दी कि चाहे संगठित अपराधी हों या नक्सली, उन्हें अपराध का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होना होगा. उन्होंने कहा कि सरकार आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति के तहत नक्सलियों के पुनर्वास के लिए तैयार है. लेकिन अगर वे आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उन्हें पुलिस की कड़ी कार्रवाई और गोलियों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा. झारखंड पुलिस ने हाल के वर्षों में लगातार अभियान चलाकर नक्सलियों की ताकत को कमजोर किया है. कई बड़े उग्रवादी या तो आत्मसमर्पण कर चुके हैं या पुलिस कार्रवाई में मारे गए हैं. ऐसे में इन चार कुख्यात नक्सलियों पर इनाम की घोषणा को नक्सली संगठनों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

