धनबाद: बीसीसीएल एरिया 04 अंतर्गत अंगारपथरा ओपी क्षेत्र में संचालित मां अम्बे आउटसोर्सिंग कंपनी की ओपन कास्ट परियोजना में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. ओबी स्लाइड होने के बाद मजदूर सवार सर्विस वैन लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी. वाहन में सवार आधा दर्जन मजदूर खदान के पानी में समा गए. घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में कोहराम का माहौल बन गया.

घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल अधिकारी, रेस्क्यू टीम, कतरास थाना, रामकनाली ओपी और अंगारपथरा ओपी पुलिस बल मौके पर पहुंचे. रस्सी के सहारे रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया और जेसीबी से रास्ता बनाने का प्रयास जारी है. स्थानीय लोगों के मुताबिक अब तक दो मजदूरों को बाहर निकाला जा चुका है और उन्हें अस्पताल भेजा गया है.
मौके पर पहुंचे धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने घटना में 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि की. उन्होंने हादसे के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की. सांसद ने कहा कि अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह दुर्घटना टल सकती थी.

स्थानीय लोगों और यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि आउटसोर्सिंग प्रबंधन द्वारा डीजीएमएस के नियमों का उल्लंघन कर कोयला उत्खनन किया जा रहा था. सही तरीके से ट्रेंच कटिंग नहीं की गई, जिसके कारण यह गंभीर हादसा हुआ है. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बीसीसीएल अधिकारियों के वाहनों को घेरकर जमकर नारेबाजी की. इसी बीच मृतक मजदूरों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और अपने लापता परिजनों की खोजबीन में जुट गए. वहीं बीसीसीएल अधिकारियों ने मीडिया के सामने घटना की पूरी जानकारी नहीं होने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया. यह हादसा एक बार फिर आउटसोर्सिंग कंपनियों की मनमानी और बीसीसीएल की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

