जामताड़ा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), जामताड़ा के सचिव पवन कुमार के निर्देश एवं मार्गदर्शन में बुधवार को नाला प्रखंड के बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत पैकबड़ के समीप बादुरमारा गांव निवासी काजल सिंह (52) की सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के बाद डीएलएसए की टीम ने उनके परिजनों से मुलाकात की. इस दौरान टीम ने शोकाकुल परिवार को उपलब्ध कानूनी सहायता एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.



डीएलएसए की ओर से पारा विधिक स्वयंसेवक (पीएलवी) प्रेम कुमार सिंह एवं अमित कुमार सिंह ने परिजनों को हिट एंड रन योजना के तहत मिलने वाले मुआवजे की आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य औपचारिकताओं की जानकारी दी. साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में भी जागरूक किया.
टीम ने परिवार को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया. बच्चों के लिए संचालित स्पॉन्सरशिप योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा उससे मिलने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई. पीएलवी ने बताया कि इन योजनाओं के लिए आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा के माध्यम से भी कराया जा सकता है.
पीएलवी ने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र लोगों तक समय पर विधिक सहायता तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिकता है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय के साथ आवश्यक सहयोग भी मिल सके.
इस अवसर पर पारा विधिक स्वयंसेवक प्रेम कुमार सिंह एवं अमित कुमार सिंह उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





