चाईबासा/सोनुआ: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत निश्चिंतपुर स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. पूरे विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे दीयों, आकर्षक रंगोलियों और सजावटी सामग्रियों से बेहद खूबसूरती के साथ सजाया गया था. उत्सव के माहौल में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था.


कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के जीवन प्रसंगों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. बच्चों ने पारंपरिक गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. वहीं, दीपावली के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को दर्शाते हुए विभिन्न नाटकों का भी शानदार मंचन किया गया. बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.

इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए अजितेश सारंगी ने छात्र-छात्राओं को दीपावली के इतिहास, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की खुशी में अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया था. तभी से दीपावली का पर्व प्रकाश, खुशहाली और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है. उन्होंने बच्चों को पर्व की मूल भावना को समझने और आपसी प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया. अंत में उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं.

समारोह में विद्यालय के सचिव मुकेश महतो, संयोजक केदारनाथ नायक, प्रधानाचार्य विवेक राज, बबीता अग्रवाल, सीमा प्रधान, नेहारिका प्रधान, पूजा गोप, अंजलि प्रधान, शिली साहू, लवली दास, प्रिंस कुमार साहू, अभिषेक प्रधान, जयमिनी नायक और तृप्ति बैरा सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई. इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं. पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर रहा.
रिपोर्ट: जयंत प्रामाणिक

