जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कुरुवा गांव स्थित साप्ताहिक हाट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी किए जाने का दावा किया जा रहा है. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न हिंदू संगठनों में आक्रोश देखा गया.


वायरल वीडियो में एक व्यक्ति भगवान श्रीराम, हनुमान जी, मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करता दिखाई दे रहा है. वीडियो सार्वजनिक होने के बाद लोगों ने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
मामले को लेकर समाजसेवी राजेंद्र मंडल, वासुदेव मंडल, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष अनूप राय सहित अन्य लोगों ने करमाटांड़ थाना में लिखित शिकायत दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अफरोज आलम के रूप में बतायी गयी है. पुलिस ने आरोपी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा.
*सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील*
घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया. लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर बिना पुष्टि किसी प्रकार की अफवाह नहीं फैलाने की अपील भी की.
वहीं, मामले को लेकर करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई जानकारी देने से परहेज किया. पुलिस की ओर से मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

