जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के नाला प्रखंड स्थित मां मलांचा नेचर पार्क में कार्यरत 21 वर्षीय गार्ड सजल मंडल के रहस्यमय तरीके से लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है. ड्यूटी पर जाने के बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं.

परिजनों के अनुसार सजल मंडल बीते दिन शाम करीब 4.30 बजे अपनी निर्धारित ड्यूटी के लिए घर से निकले थे. उनकी ड्यूटी रात से सुबह 5 बजे तक थी, लेकिन ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी वे घर नहीं लौटे.

परिवार ने कई बार उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है. देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने मां मलांचा नेचर पार्क प्रबंधन से संपर्क किया. वहां से बताया गया कि सजल ड्यूटी पूरी कर घर के लिए निकल चुके थे. इसके बाद मामला और अधिक संदिग्ध हो गया.
परिजनों ने आसपास के इलाकों में रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. अंततः शुक्रवार को परिजन नाला थाना पहुंचे और गुमशुदगी की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मां अपने बेटे के सकुशल लौटने की उम्मीद में बदहवास हैं. स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर चिंता और चर्चा का माहौल है.
नाला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है. पार्क परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है. फिलहाल सजल मंडल का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. परिजन और स्थानीय लोग प्रशासन से युवक का जल्द पता लगाने की मांग कर रहे हैं.

