
जामताड़ा: जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत आसानबेरिया पंचायत के आसानबेरिया गांव में रविवार को वज्रपात की घटना ने एक गरीब किसान के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया. अचानक गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आने से किसान रामदेव सोरेन का एक बैल मौके पर ही मर गया. इस घटना से उनकी खेती और आजीविका पर संकट गहरा गया है.


जानकारी के अनुसार, रामदेव सोरेन आर्थिक रूप से कमजोर किसान हैं और खेती ही उनके परिवार की आय का मुख्य स्रोत है. उनके पास खेती के लिए दो बैल थे. रविवार शाम करीब 4:30 बजे दोनों बैलों को घर के बाहर अलग-अलग स्थानों पर बांधा गया था. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और एक बैल उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद किसान और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने बताया कि बैल किसान की खेती का सबसे बड़ा सहारा था. अब एक बैल के सहारे खेती करना मुश्किल होगा, जिससे आने वाले कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका है.
पीड़ित किसान रामदेव सोरेन ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजे की मांग की है. उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण नया बैल खरीदना उनके लिए संभव नहीं है. यदि सरकार से सहायता मिलती है, तो वे दोबारा खेती का कार्य सुचारु रूप से शुरू कर सकेंगे.
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसान को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह अपनी आजीविका को फिर से पटरी पर ला सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


