पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति की बैठक में डीसी ने दिए सख्त निर्देश


जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला समुचित प्राधिकारी, पीसी एंड पीएनडीटी, जामताड़ा आलोक कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के तहत जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई. बैठक में पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान माई मिशन डायग्नोस्टिक सेंटर, सुभाष चौक, जामताड़ा के नए निबंधन आवेदन तथा मेडीसेफ डायग्नोस्टिक सेंटर, नारायणपुर के स्थल परिवर्तन से संबंधित आवेदन पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने समिति को दोनों मामलों की नियमानुसार जांच कर जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने जिले में संचालित सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी केंद्रों में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट एवं निर्धारित एसओपी का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा निरीक्षण के बाद प्रतिवेदन समर्पित किया जाए.
लिंग जांच पर सख्त कार्रवाई का निर्देश
बैठक में कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा हुई. उपायुक्त ने कहा कि प्रसव पूर्व लिंग जांच कराना कानूनन अपराध है. यदि जिले में संचालित किसी अल्ट्रासाउंड केंद्र की इस तरह की गतिविधि में संलिप्तता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में प्रभावी निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, डीपीएम प्रदीप महतो समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

