
जामताड़ा: जिले के अहिल्यापुर थाना अंतर्गत जामताड़ा- गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बेलाटांड़ गांव के समीप शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जहां तेज रफ्तार ट्रक और स्कूली बच्चों से भरे टेंपो के बीच हुई जोरदार टक्कर में कई बच्चे घायल हो गए. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या JH10AG- 0598 में सवार होकर कई स्कूली बच्चे अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बेलाटांड़ गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में बैठे बच्चों के बीच चीख- पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया.
इस दुर्घटना में घोसको गांव निवासी पियूष कुमार वर्मा (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. वहीं अन्य घायल बच्चों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.
अहिल्यापुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फरार ट्रक और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. इस घटना के बाद क्षेत्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा, स्कूल वाहनों की नियमित जांच और सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर लोगों ने गहरी चिंता जताई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


