जामताड़ा: जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के बनबेड़िया गांव के समीप शनिवार को जोड़िया किनारे करीब 35 वर्षीय अज्ञात महिला का सड़ी-गली अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना बिंदापाथर थाना पुलिस को दी.


सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण महिला की तत्काल पहचान नहीं हो सकी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर महिला की पहचान से संबंधित जानकारी जुटाई.
गले के पास तीन तारानुमा टैटू, पहचान का बन सकता है अहम सुराग
पुलिस के अनुसार मृतका के गले के पास तीन तारानुमा टैटू बने होने की बात सामने आई है. पुलिस को उम्मीद है कि ये टैटू महिला की पहचान कराने में अहम सुराग साबित हो सकते हैं. आसपास के गांवों और संबंधित थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में किसी महिला के लापता होने की सूचना भी जुटाई जा रही है.
हत्या, हादसा या कुछ और ? पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है. पुलिस हत्या, हादसा अथवा अन्य संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है.

थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे पहली चुनौती मृतका की पहचान सुनिश्चित करना है. पहचान होने के बाद ही महिला की पृष्ठभूमि और उसके यहां पहुंचने की परिस्थितियों की कड़ियां जुड़ सकेंगी. पुलिस महिला की शिनाख्त कराने के साथ मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

