
जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भागाबांध के समीप रंगाबांध में शनिवार को दो दोपहिया वाहनों की आमने- सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग घायल हो गए. हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद धनबाद रेफर किया गया है.


जानकारी के अनुसार, विपरीत दिशा से आ रही एक पल्सर बाइक और एक स्कूटी सवार के बीच तेज रफ्तार में आमने- सामने की टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई.
हादसे में रमजान अंसारी, अरविंद किस्कू और आनंद किस्कू गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि सहदेव किस्कू को मामूली चोटें आई हैं. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
चिकित्सक डॉ. अरनव चक्रवर्ती ने बताया कि तीन घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और कई लोगों के हाथ- पैर में फ्रैक्चर की आशंका है. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीण अलाउद्दीन अंसारी ने बताया कि टक्कर बेहद तेज थी. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहन से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है, जबकि घायलों का इलाज जारी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


