जामताड़ा: झारखंड की साइबर अपराध की राजधानी कहे जाने वाले जामताड़ा में पुलिस ने साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है. पुलिस ने 377 फर्जी सिम कार्ड के साथ एक आपूर्तिकर्ता को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. यह आपूर्तिकर्ता असम से जामताड़ा तक फर्जी सिम कार्ड लाकर साइबर अपराधियों को सप्लाई करता था.

जामताड़ा के एसपी राजकुमार मेहता ने प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव में छापामारी की. इस दौरान अकबर हुसैन नामक व्यक्ति के पास से 377 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति असम से फर्जी सिम कार्ड लेकर जामताड़ा पहुंचता था और यहां साइबर अपराधियों को महंगे दामों पर सप्लाई करता था.
गिरफ्तार आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड और इंडिगो फ्लाइट का टिकट बरामद किया गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी फ्लाइट से असम जाता था और ट्रेन से वापस लौटता था. इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है.
एसपी राजकुमार मेहता ने कहा कि यह जामताड़ा साइबर पुलिस की अब तक की बड़ी कार्रवाई में से एक है. उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि स्थानीय बाजार में ये लोग ढाई हजार रुपये प्रति सिम के हिसाब से बेचते हैं. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जिले में किन-किन लोगों को सिम कार्ड सप्लाई किए गए हैं. जल्द ही बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जाएगी.
छापामारी टीम में पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार, अमित कुमार राम, पुलिस अवर निरीक्षक विनोद सिंह, सहायक अवर निरीक्षक ईश्वर मरांडी समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे. एसपी ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में भी साइबर थाना में मामला दर्ज है.

