जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के कांगोई इलाके में शनिवार को एक किराए के मकान के बंद कमरे से करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान कांगोई निवासी गोपाल मंडल के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जानकारी के अनुसार, गोपाल मंडल अविवाहित था और कांगोई में किराए के कमरे में अकेले रहता था. वह एक होटल में काम करता था.


स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी. बीमारी के कारण वह काम पर भी नहीं जा रहा था. आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि गुरुवार को उनकी गोपाल से मुलाकात हुई थी. इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला. शनिवार को अचानक कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी. दुर्गंध बढ़ने पर मकान मालिक और अन्य किराएदारों को संदेह हुआ. इसके बाद घटना की सूचना मिहिजाम थाना पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कमरे का निरीक्षण करने के बाद शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की. पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मौत करीब दो दिन पहले होने का अनुमान है.हालांकि, मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है. घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन, जो लीला नगर में रहते हैं, भी मौके पर पहुंच गये. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

