जामताड़ा: जिले के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘आशा कॉम्पिटेटिव इंस्टीट्यूट’ निशुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया. नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता की पहल पर शुरू किए गए इस संस्थान का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया गया. संस्थान में विद्यार्थियों को निशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी.



उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में साइबर डीएसपी अमित रविदास, नगर कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत, नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता, तरुण कुमार गुप्ता, मोहन बर्मन, दुर्गा दास भंडारी और चंचल भंडारी सहित कई गणमान्य लोग एवं समाजसेवी उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई. इसके बाद बच्चों ने ‘श्री गणेशा देवा’ सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य जामताड़ा के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि निशुल्क शिक्षा का अर्थ गुणवत्ता से समझौता नहीं है. संस्थान अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से बेहतर शिक्षा प्रदान करेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से पढ़कर विद्यार्थी विभिन्न सरकारी एवं प्रतिष्ठित सेवाओं में चयनित होंगे.
नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते हैं. ऐसे विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस निशुल्क कोचिंग सेंटर की शुरुआत की गई है. उन्होंने कहा कि जरूरतमंद छात्रों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार कर सकें. साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने की अपील की.
साइबर डीएसपी अमित रविदास एवं नगर कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए इस तरह की पहल शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव ला सकती है. उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
संस्थान में विभिन्न विषयों के लिए अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति की गई है. आलोक कुमार गणित, सुमंत कुमार सिंह सामान्य अध्ययन (जीएस), अंकित कुमार रीजनिंग तथा मनोज सिंह अंग्रेजी विषय की कक्षाएं संचालित करेंगे. आयोजकों के अनुसार सभी शिक्षकों को विभिन्न बड़े शहरों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने का अनुभव है.
आयोजकों का कहना है कि संस्थान के शुभारंभ से जामताड़ा के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जरूरतमंद विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी. इससे उन्हें उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर जाने की आवश्यकता भी कम पड़ेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





