सरायकेला: जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप-2026 के अंतिम लीग मुकाबले में प्रधानगोडा एफसी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बीएमसी धोलूडीह को 7-1 से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ ही प्रधानगोडा एफसी ने सुपर-5 में अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया. मुकाबला अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेला गया.



मैच की शुरुआत से ही प्रधानगोडा एफसी ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा. टीम के स्टार खिलाड़ी राखी लोवादा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अकेले चार गोल दागे और जीत के सबसे बड़े नायक बने. उनके अलावा मोहन सिंह सोय, सुधीर टुडू और मधु सोय ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को और मजबूत बनाया.
बीएमसी धोलूडीह की ओर से सुशील सरदार ने एकमात्र सांत्वना गोल किया, लेकिन टीम हार का अंतर कम नहीं कर सकी.
इस मुकाबले के साथ जिला फुटबॉल लीग के लीग चरण का समापन हो गया. अब सुपर-5 चरण में प्रधानगोडा एफसी, खामरडीह, मातकमडीह, हाथीटांड़ और सुमित एफसी की टीमें अर्जुना कप-2026 के खिताब के लिए आमने-सामने होंगी.
फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें अब सुपर-5 मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां जिले की पांच सर्वश्रेष्ठ टीमें चैंपियन बनने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकेंगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)





