जमशेदपुर: मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग सीदयू सोय की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना सुंदरनगर थाना क्षेत्र के नंदूप गांव में हुई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

बताया जा रहा है कि सीदयू सोय सुबह शौच के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक एक ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, संभवतः मालगाड़ी की टक्कर से यह हादसा हुआ.
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया. मृतक के पुत्र कमल सोय ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन इस बार वे वापस नहीं लौट सके. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
ग्रामीणों का कहना है कि नंदूप गांव रेलवे ट्रैक के बिल्कुल किनारे बसा हुआ है, जिससे यहां इस तरह के हादसे पहले भी हो चुके हैं. लोग मजबूरी में ट्रैक के पास शौच के लिए जाते हैं, जिससे हमेशा जान का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि गांव के पास ट्रेनों की रफ्तार कम की जाए और सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

