सरायकेला/ Pramod Singh में बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने बाबासाहेब की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

कार्यक्रम के दौरान चौधरी ने कहा कि बाबासाहेब ने भारत को एक ऐसा संविधान दिया, जिसने देश के हर नागरिक को समानता, न्याय और अधिकार का आधार प्रदान किया. उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का योगदान केवल संविधान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने का ऐतिहासिक कार्य किया.
उन्होंने कहा कि बाबासाहेब का जीवन संघर्ष, समर्पण और परिवर्तन का प्रतीक है. उनके विचार आज भी समाज के हर वर्ग के लिए मार्गदर्शक हैं और सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर समानता स्थापित करने की दिशा में प्रेरित करते हैं.
चौधरी ने कहा कि बाबासाहेब के आदर्श हमें जनकल्याण, सामाजिक न्याय और सभी के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रेरित करते हैं. भारतीय संविधान को लोकतंत्र की मजबूत नींव बताते हुए उन्होंने कहा कि यह हर नागरिक को गरिमा और अधिकार के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है.
अंत में उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि वे बाबासाहेब के विचारों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में समानता, भाईचारा तथा एकता को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं.

