जमशेदपुर: दुर्गा पूजा से पहले शहर की सड़कों पर तेज और असामान्य आवाज निकालकर फर्राटा भरने वाली बाइकों पर ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. सोमवार को साकची थाना के बाहर जब्त किए गए करीब 50 से 60 मॉडिफाइड साइलेंसरों को एक साथ रखकर रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया गया.


ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में साकची, बागबेड़ा, जुगसलाई, परसुडीह समेत शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. जांच के दौरान जिन बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर मिल रहे हैं, उन्हें निकलवाकर जब्त किया जा रहा है.
पहले बाइक गरजती थी, अब साइलेंसर पर चला रोलर
पुलिस की कार्रवाई का अंदाज भी इस बार कुछ अलग रहा. जिन मॉडिफाइड साइलेंसरों के सहारे सड़कों पर बाइक की आवाज दूर से ही मौजूदगी दर्ज करा देती थी, सोमवार को उन्हीं साइलेंसरों पर रोड रोलर गरजता नजर आया. देखते ही देखते दर्जनों साइलेंसर कबाड़ में तब्दील हो गए. पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई यहीं समाप्त नहीं होगी. मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
पूजा में बाइक से ज्यादा साइलेंसर ने मचाया शोर तो खैर नहीं
दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों, बाजारों और प्रमुख सड़कों पर भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस यातायात व्यवस्था के साथ तेज आवाज करने वाले वाहनों पर भी विशेष नजर रखने की तैयारी में है. पुलिस ने बाइक चालकों से कंपनी द्वारा निर्धारित साइलेंसर का ही इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. जांच में मॉडिफाइड साइलेंसर मिलने पर उसे जब्त करने के साथ वाहन चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

