बोकारो: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार सुबह बोकारो पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी दिवंगत मौसी को श्रद्धांजलि अर्पित की. झारखंड दौरे के दौरान वह सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित अपनी मौसी के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की.


जानकारी के अनुसार नितिन नवीन की बड़ी मौसी शोभा रानी लाल का हाल ही में निधन हो गया था. उनके निधन की सूचना मिलने के बाद नितिन नवीन बोकारो पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
इस दौरान उन्होंने परिजनों के साथ करीब आधे घंटे तक समय बिताया. परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने दिवंगत मौसी से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को भी साझा किया. परिजनों के अनुसार नितिन नवीन का अपनी बड़ी मौसी के साथ बेहद आत्मीय और स्नेहपूर्ण संबंध था.
बताया जाता है कि विधानसभा चुनाव के दौरान बोकारो प्रवास के समय भी नितिन नवीन अपनी मौसी के आवास पर ठहरे थे. पारिवारिक रिश्तों के कारण उनका बोकारो से विशेष लगाव और जुड़ाव रहा है.
उनके आगमन की सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भी मौजूदगी देखने को मिली. श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने परिजनों को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



