जमशेदपुर: पूरे झारखंड में e-Kalyan छात्रवृत्ति योजना छात्रों के लिए राहत नहीं बल्कि परेशानी का सबसे बड़ा कारण बन चुकी है. महीनों से लंबित छात्रवृत्ति के कारण हजारों छात्र आर्थिक रूप से टूटने की कगार पर हैं. सरकार की महत्वाकांक्षी बताई जाने वाली इस योजना की जमीनी हकीकत पूरी तरह फेल साबित हो रही है.

छात्रों का आरोप है कि e-Kalyan पोर्टल केवल नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म बनकर रह गया है. कभी सर्वर डाउन, कभी दस्तावेज अपलोड नहीं होते, तो कभी महीनों तक वेरिफिकेशन पेंडिंग की स्थिति बनी रहती है. कई छात्रों का आवेदन बिना किसी स्पष्ट कारण के रिजेक्ट हो रहा है और सुधार के लिए कोई ठोस मार्गदर्शन भी नहीं दिया जा रहा है.
सबसे गंभीर सवाल यह है कि जिन छात्रवृत्तियों का उद्देश्य गरीब, आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों को शिक्षा से जोड़ना था, वही छात्र आज फीस, किताब, हॉस्टल और किराया तक नहीं चुका पा रहे हैं. प्रशासनिक लापरवाही के कारण कई छात्र कॉलेज छोड़ने के कगार पर पहुंच चुके हैं. इसके बावजूद जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आंख मूंदे बैठा है.
छात्रों का साफ आरोप है कि कॉलेज स्तर पर भी वेरिफिकेशन प्रक्रिया जानबूझकर लंबित रखी जा रही है. कॉलेज कार्यालय के चक्कर काटते- काटते छात्र मानसिक रूप से टूट गए हैं. लेकिन किसी अधिकारी पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा है. यह सीधा- सीधा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है.
छात्र संगठनों ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती है, लेकिन जब उन्हें लागू करने की बारी आती है तो पूरा सिस्टम ठप नजर आता है. यदि यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन तय है.
छात्र नेता विद्रोही विष्णु ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 9 दिसंबर तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया और छात्रवृत्ति प्रक्रिया में तेजी नहीं आई, तो 9 दिसंबर को जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा. इस बार की लड़ाई आर- पार की होगी और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार और प्रशासन की होगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
