जमशेदपुर: शिक्षा के साथ रोजगार के क्षेत्र में पहचान बना रही नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के 8 प्रबंधन छात्रों का चयन देश की प्रमुख लॉजिस्टिक्स कंपनी दिल्लीवेरी में हुआ है. इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय और छात्रों में खुशी का माहौल है. यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित रिक्रूटमेंट ड्राइव में बीबीए और एमबीए के छात्रों ने हिस्सा लिया.

चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए कुल 8 छात्रों को ‘ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव’ पद के लिए चुना गया. चयनित छात्रों को 1.80 लाख रुपये प्रतिवर्ष के पैकेज पर नियुक्ति मिली है. खास बात यह है कि सभी छात्रों को कार्यस्थल के रूप में जमशेदपुर ही मिला है, जिससे अभिभावकों और छात्रों में उत्साह बढ़ा है.
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने खुशी जताते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलना छात्रों के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि दिल्लीवरी जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में चयन यह साबित करता है कि विश्वविद्यालय के छात्र उद्योग की जरूरतों को समझने में सक्षम हैं.
वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने कहा कि प्रबंधन के छात्रों के लिए व्यावहारिक अनुभव बेहद जरूरी है और ‘ऑपरेशंस एग्जीक्यूटिव’ के रूप में यह करियर की मजबूत शुरुआत है. उन्होंने प्लेसमेंट विभाग और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय लगातार बेहतर कंपनियों को आमंत्रित कर छात्रों के लिए अवसर उपलब्ध करा रहा है. विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में अन्य विभागों के छात्र भी इसी तरह सफलता हासिल करेंगे और संस्थान का नाम रोशन करेंगे.

