सरायकेला: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया.

जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजना, पेयजल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए. इसके अलावा आदित्यपुर क्षेत्र के टावर- 32 फ्लैट में गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा गैस पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध होने के बावजूद आपूर्ति शुरू नहीं होने की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई. वहीं चांडिल प्रखंड के चावलिबासा पंचायत के दो अनाथ बच्चों का आधार पंजीकरण नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित रहने का मामला भी सामने आया. साथ ही कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता से औद्योगिक संस्थानों और होटल- रेस्टोरेंट में हो रही परेशानी की ओर भी ध्यान दिलाया गया.

उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने सभी मामलों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की शीघ्र जांच कर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन मामलों का निष्पादन तत्काल संभव है, उन्हें अविलंब पूरा किया जाए और शेष मामलों में नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके. उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को बिना किसी संकोच के प्रशासन के समक्ष रखें, जिससे उनका समुचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके.

